उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस के बड़े नेताओं के दौरे शुरू हो गए हैं। कुछ दिन पहले कांग्रेस के ‘युवराज’ आए थे और अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहुंचे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि चुनाव के समय नेताओं का दौरा करना आम बात है और हर कोई अपने दौरे के लिए कोई न कोई कारण तलाश लेता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के उत्तराखंड दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पिछले पांच वर्षों के दौरान वे प्रदेश के लोगों की चिंता करते, उनके सुख-दुख में शामिल होते और जनता के बीच रहते, तो उनके दौरों को लोग गंभीरता से लेते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर अचानक प्रदेश की जनता की याद आना राजनीतिक गतिविधियों का हिस्सा है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जनता नेताओं के काम और उनके व्यवहार को अच्छी तरह समझती है और समय आने पर इसका जवाब भी देती है।


