उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में हल्द्वानी में कांग्रेस ने युवाओं को संगठन से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कमल बोरा के नेतृत्व में क्षेत्र के दर्जनों युवाओं ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर विधायक सुमित हृदयेश ने सभी नवप्रवेशी युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की जनहितकारी नीतियों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि कांग्रेस की विचारधारा और जनता के मुद्दों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता लोगों को आकर्षित कर रही है।
विधायक हृदयेश ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति होती है। देश और समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और कांग्रेस परिवार में शामिल हुए युवा संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनसेवा के कार्यों में भी सक्रिय योगदान देंगे।
- कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों में विश्वास जताते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रियांशु टम्टा, आलोक कन्नौजिया, आयुष आर्य, अदनान अंसारी, मयंक कुमार, रोहित थापा समेत दर्जनों युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।


