उत्तराखंड के नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी किसी भी प्रकार की चूक नहीं चाहती है। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी जीतने के लिए किसी भी वक्त प्रत्याशी बदल सकती है। शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला प्रभारियों, आंतरिक सर्वे रिपोर्ट और वरिष्ठ नेताओं की राय लेकर नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के प्रत्याशियों के नामों पर गहन मंथन किया गया।
तीसरे दिन भी बैठक का दौर जारी रहा और देर रात प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशियों समेत नगर पालिका और नगर पंचायतों के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। जोशी के अनुसार, दूसरी सूची भी जल्द जारी की जाएगी।
कांग्रेस ने नगर निगम के 100 वार्डों के लिए पैनल तैयार किया था, जिसकी रायशुमारी के बाद प्रत्याशियों के नाम तय किए गए। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने करीब 40 वार्डों में प्रत्याशी तय कर लिए हैं, लेकिन किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए सामने आने वाली रणनीति को भी देखा जा रहा है।
देहरादून नगर निगम कांग्रेस के लिए विशेष महत्व रखता है। पिछली बार यहां भाजपा ने 60 वार्डों में जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस 34 वार्डों में जीती थी। इस बार कांग्रेस का लक्ष्य बहुमत प्राप्त करना है, इसलिए कोई गलती नहीं करना चाहती। वार्डों में तालमेल के लिए सूची तैयार हो चुकी है।