हल्द्वानी। कांग्रेस शिष्टमंडल ने भाजपा आई.टी. सेल और उसके पूर्व प्रमुख शेखर वर्मा द्वारा प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर फैलाए गए भ्रामक और मानहानिकारक दुष्प्रचार के विरोध में थाना हल्द्वानी में शिकायत पत्र सौंपा।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने बताया कि 21 नवंबर को प्रदेश अध्यक्ष द्वारा वन्यजीव–मानव संघर्ष पर आयोजित धरना प्रदर्शन में प्रतीकात्मक रूप से प्लास्टिक खिलौना बंदूक का उपयोग किया गया। भाजपा आई.टी. सेल ने इसे तोड़-मरोड़ कर सोशल मीडिया में फैलाया और प्रदेश अध्यक्ष को आतंकवादी संगठनों के प्रमुख के रूप में पेश किया, जिसे कांग्रेस ने फेक न्यूज और मानहानि बताया।
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने आरोप लगाया कि यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर हमला है और आरोपियों के खिलाफ शीघ्र विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस शिष्टमंडल ने कहा कि ऐसे दुष्प्रचार से जनता गुमराह होती है और राजनीतिक संवाद की स्वस्थ मर्यादाओं को खतरा होता है।
शिष्टमंडल में प्रमुख रूप से जया कर्नाटक, कमला सनवाल, गोविंद बगड़वाल, सुहैल सिद्दीकी, पार्षद धर्मवीर, मोहन बिष्ट, विनोद कुमार पिन्नु, महेशानंद, मनोज शर्मा, जाकिर हुसैन, लाल सिंह पवार, कोमल जायसवाल और अमित रावत शामिल रहे।


