उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस और मीडिया कर्मियों के बीच बुधवार को हुए टकराव ने सियासत को गरमा दिया है। इस मामले में जहां कांग्रेस ने खेद जताया है, वहीं भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा पर हमला बोला है और उनके इस्तीफे की मांग की है।
पुलिस लाइन में हुए इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि जो भी हुआ वह पुलिस की गलती थी। उनका कहना था कि पुलिस ने उन्हें यह जानकारी नहीं दी कि वहां पत्रकारों का कोई मैच चल रहा था। वहीं पत्रकारों को भी यह गलतफहमी हो गई कि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उनके मैच में खलल डालने या विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे हैं। माहरा ने कहा कि यह पूरी तकरार एक गलतफहमी का परिणाम था, जो पुलिस की तरफ से सही जानकारी नहीं दिए जाने के कारण हुई। उन्होंने कहा कि वह हमेशा मीडिया का सम्मान करते हैं और इस घटना पर खेद व्यक्त करते हैं।
वहीं भाजपा ने इस घटना के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया और करन माहरा से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि कांग्रेस के नेता केदारनाथ में हार से निराश हैं और अब हर किसी को अपना विरोधी मान रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दौरान करन माहरा वहां मौजूद थे और उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को समझाने के बजाय उकसाया।