हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस, हल्द्वानी में नैनीताल जनपद के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर विभिन्न अहम मुद्दों पर सख्त निर्देश दिए। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन की तैयारियों, कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान खोजने और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग लगाने, अलर्ट सिस्टम विकसित करने तथा वन और पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने को कहा गया।
पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढामुक्त रखने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, शटल सेवा और वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे, जबकि कैंचीधाम बाईपास का कार्य 30 मई तक पूरा करने का लक्ष्य है। मेट्रोपोल पार्किंग का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना को तय समय में पूरा करने, बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया तेज करने तथा ग्रीष्मकाल और मानसून से पहले विद्युत व पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों से भी क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली गई और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


