उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जनपद के काशीपुर निवासी किसान द्वारा हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने के गंभीर मामले को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ लेते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत को इस प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्य और परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि जांच के दौरान यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या दोष पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से भी पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी प्राप्त की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगत किसान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाए और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।


