उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम के पवित्र प्रसाद और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए राज्य के स्थानीय उत्पाद भेंट स्वरूप प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड न केवल चारधाम जैसे पवित्र तीर्थस्थलों का केंद्र है, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत संगम भी है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को राज्य में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अधोसंरचनात्मक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने “वोकल फॉर लोकल” अभियान के तहत उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने की भी जानकारी दी।
पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड को आध्यात्मिक, पर्यावरणीय और आर्थिक दृष्टि से सशक्त राज्य के रूप में विकसित किया जाएगा।