उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र कालू सिद्ध मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय *प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव* में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और मंदिर में छत्र अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री लगभग 20 मिनट तक पूजन विधि में सम्मिलित रहे। इसके उपरांत उन्होंने नव-निर्मित मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री के आगमन पर परंपरागत वेशभूषा में कलश लेकर पहुंची महिलाओं ने उनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया।
मंदिर परिसर में पीठाधीश महंत कालू गिरी महाराज तथा महंत त्रिवेणी गिरी महाराज की उपस्थिति में संतों ने मुख्यमंत्री को रुद्राक्ष माला पहनाकर सम्मानित किया। पूजा विधि का संचालन आचार्य डॉ. भूवन चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में कुल 16 आचार्यों द्वारा संपन्न कराया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क चौड़ीकरण योजना के अंतर्गत कालू सिद्ध मंदिर को नए स्थल पर स्थानांतरित कर भव्य रूप में पुनर्निर्मित किया गया है। उन्होंने मंदिर समिति के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके सौंदर्यपूर्ण निर्माण से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), विधायक राम सिंह कैड़ा (भीमताल), मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर ‘डब्बू’, राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट, दिनेश आर्य, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, रेनू अधिकारी, नवीन वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालुजन।
प्रशासनिक स्तर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी कुमाऊं रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा, नगर आयुक्त ऋचा सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।