हल्द्वानी में गुरुवार को न्यायालय परिसर में हुई एक घटना ने वकीलों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी। इस मामले को लेकर हल्द्वानी बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल से मिला और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
बताया गया कि 23 अप्रैल को न्यायालय परिसर में एक वारंटी दिनेश सिंह रावत ने कार्यदिवस के दौरान अधिवक्ता एस.डी. जोशी के साथ मारपीट की। जब अन्य अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने अधिवक्ता चंद्रशेखर जोशी की जांघ में दांत से काट लिया और हाथों पर नाखूनों से गंभीर खरोंचें भी दीं।
काफी प्रयासों के बाद वकीलों ने आरोपी को न्यायालय परिसर से बाहर किया, लेकिन वह गेट के पास ही खड़ा होकर गाली-गलौज करता रहा। इसके बाद बार एसोसिएशन द्वारा भोटियापड़ाव पुलिस चौकी को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने साथ ले गई।
इस घटना के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अधिवक्ताओं में भय व्याप्त हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल से जजी परिसर में बैरिकेडिंग के जरिए प्रवेश होगा, जहां दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही, केवल अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के वाहनों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जबकि अन्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
शाम को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस प्रतिनिधिमंडल में सचिव मोहन सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष ललित सिंह मेर, उप सचिव सुधांशु तिवारी, कोषाध्यक्ष गौरव कपूर, उप सचिव (प्रेस) वानु कब्डाल, सदस्य राकेश कुकरेती, एस.डी. जोशी और योगेश्वरी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।


