हल्द्वानी। शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया है। तीनपानी से नरीमन चौराहे होते हुए काठगोदाम तक चल रही परियोजना के अंतर्गत गुरुवार को प्रशासन और उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) की संयुक्त टीम ने जेसीबी से अतिक्रमण हटाए। इस दौरान करीब 25 से 30 स्ट्रक्चरों से अतिक्रमण हटाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चौड़ीकरण की जद में आने वाले अन्य अतिक्रमणों को भी हटाया जाएगा।
नैनीताल-बरेली मार्ग शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। इस पर स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों की आवाजाही भी काफी रहती है। वाहनों का दबाव बढ़ने और सड़क संकरी होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। कई बार जाम में एंबुलेंस फंसने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कतें आती हैं। इसी समस्या को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि चौड़ीकरण की जद में आने वाले संबंधित लोगों को करीब आठ से नौ महीने पहले नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। बरसात के दौरान निर्माण कार्य प्रभावित होने और दशहरे के त्योहार को देखते हुए लोगों को अतिरिक्त समय भी दिया गया, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए गए। ऐसे में संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। शुक्रवार को दोपहर तीन बजे के बाद यदि संबंधित लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा। प्रशासन का लक्ष्य चौड़ीकरण की राह में आ रही बाधाओं को दूर कर परियोजना के काम में तेजी लाना है।
कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, तहसीलदार कुलदीप पांडे, यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत देओल सहित संबंधित विभागों की टीम मौजूद रही। सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद प्रमुख मार्ग पर यातायात सुगम होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।



