उत्तराखंड में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियों के बीच राज्य संपत्ति विभाग ने कैबिनेट मंत्री स्तर के तीन आवासों को खाली कराने के लिए नोटिस जारी किए हैं। ये आवास पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, दिवंगत मंत्री चंदन रामदास के परिजनों और सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी को आवंटित थे।
जानकारी के अनुसार, मंत्री चंदनराम दास का अप्रैल 2023 में निधन हो गया था। वे देहरादून की यमुना कॉलोनी में सरकारी आवास में रह रहे थे, जो उनके निधन के बाद अभी तक विभाग को नहीं लौटाया गया। इसी तरह, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने 16 मार्च को इस्तीफा दिया था, लेकिन उन्होंने अब तक आवास खाली नहीं किया।
राज्य संपत्ति विभाग के व्यवस्था अधिकारी रविंद्र पांडेय ने इस पर कार्रवाई करते हुए तीनों को नोटिस जारी किए हैं। सचिव रणवीर सिंह चौहान ने नोटिस जारी होने की पुष्टि की है।
इधर, राज्य संपत्ति अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने विधानसभा पहुंचकर मंत्रियों के रिक्त कार्यालयों और वहां कार्यरत अधिकारियों के दफ्तरों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कार्यालयों की सफाई सुनिश्चित करने और तैयार रखने के निर्देश दिए ताकि मंत्रिमंडल विस्तार की स्थिति में कार्यालय आवंटन में कोई अड़चन न आए।
राज्य संपत्ति विभाग की इस अचानक सक्रियता को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री के विधानसभा दौरे को भी इसी प्रक्रिया से जोड़कर देखा गया। विभाग ने अपने वाहन बेड़े से कुछ इनोवा गाड़ियों को भी रिजर्व में रख लिया है, ताकि जरूरत पड़ने पर नए मंत्रियों को वाहन आवंटित किए जा सकें।