उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में नीति आयोग के सदस्य प्रो. (डॉ.) एम. श्रीनिवास के नेतृत्व में नीति आयोग की टीम ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड के समग्र एवं सतत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और पर्यटन-प्रधान राज्य के लिए नीति निर्माण में स्थायी आबादी के साथ-साथ हर वर्ष आने वाली बड़ी फ्लोटिंग पॉपुलेशन को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रतिवर्ष स्थायी आबादी से सात-आठ गुना अधिक लोग आते हैं, जिससे स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और परिवहन जैसी मूलभूत सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य शिक्षा को मजबूत बनाने, महिला सशक्तीकरण, कुपोषण और एनीमिया उन्मूलन, जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, कृषि, बागवानी, पर्यटन, कौशल विकास और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी और नवाचार आधारित नीतियां तैयार करने के लिए नीति आयोग के सहयोग से नियमित सेमिनार और विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श आयोजित करने का सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और नीति आयोग के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड के संतुलित एवं सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी। बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित राज्य सरकार और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


