उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून की ओर से 28 जुलाई 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 29 जुलाई (बुधवार) को बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अत्यंत तेज बारिश के दौर की संभावना है। इसे देखते हुए जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियातन 29 जुलाई (बुधवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के आसपास न जाने और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


