उत्तराखंड में मानसून के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 28 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। मौसम की गंभीर चेतावनी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 28 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज दौर की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने भी एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। साथ ही नदी-नालों और जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने आपदा की स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में बागेश्वर जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिला मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडे ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंगलवार, 28 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 28 जुलाई को बंद रहेंगे।


