उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने राज्य की न्यायिक सेवा में बड़े पैमाने पर तबादलों और नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं। जारी अधिसूचना के मुताबिक सिविल जज (कनिष्ठ और वरिष्ठ प्रभाग) तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट समेत कई अधिकारियों का विभिन्न जिलों में स्थानांतरण किया गया है। ये सभी आदेश 20 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगे।
अधिसूचना के अनुसार, लक्षसर की न्यायिक मजिस्ट्रेट चंद्रेश्वरी सिंह को सिविल जज (कनिष्ठ प्रभाग) नैनीताल, द्वाराहाट के सिविल जज राजेंद्र कुमार को न्यायिक मजिस्ट्रेट काशीपुर और देहरादून की सिविल जज कल्पना को न्यायिक मजिस्ट्रेट पिथौरागढ़ नियुक्त किया गया है। वहीं बागेश्वर के पुनीत कुमार को टिहरी गढ़वाल और ऊधम सिंह नगर के रिजवान अंसारी को पौड़ी गढ़वाल भेजा गया है।
इसके अलावा, रुड़की की न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम शिवानी नाहर को सिविल जज (कनिष्ठ प्रभाग) बागेश्वर, चमोली के लावल कुमार वर्मा को न्यायिक मजिस्ट्रेट लक्षसर और टिहरी गढ़वाल के कुलदीप नारायण को सिविल जज (कनिष्ठ प्रभाग) हरिद्वार में तैनात किया गया है। कई अन्य अधिकारियों को भी अतिरिक्त सिविल जज और न्यायिक मजिस्ट्रेट के पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
वरिष्ठ स्तर पर भी तबादले किए गए हैं। देहरादून की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रिंकी साहनी को टिहरी गढ़वाल, नैनीताल के रवि प्रकाश को देहरादून और टिहरी गढ़वाल के मोहम्मद याकूब को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही, विकासनगर के रवि शंकर मिश्रा को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नैनीताल, रुड़की की रितिका सेमवाल को रुद्रपुर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट और देहरादून के अमित कुमार को सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग) रुद्रप्रयाग में तैनाती दी गई है।
उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी तबादले और नई तैनातियां 20 अप्रैल 2026 से लागू होंगी।


