हल्द्वानी में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ऊर्जा निगम की ओर से शहर के अलग-अलग फीडरों पर मरम्मत और रखरखाव का काम कराया जा रहा है। एचटी लाइन और एबी केबल बदलने तथा लॉपिंग-चॉपिंग के चलते 30 सितंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। संबंधित इलाकों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा।
23-24 सितंबर: बरेली रोड और रामपुर रोड फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली कटौती रहेगी। बरेली रोड फीडर के अंतर्गत बरेली रोड, धर्मपुरा, मंगल पड़ाव, गली नंबर 1 से 11, मेडिकल कॉलेज और हिमालय फार्म क्षेत्र शामिल हैं। रामपुर रोड फीडर से रामपुर रोड, शीशमहल, हीरा नगर, जेल, नीलकंठ अस्पताल और महिला अस्पताल क्षेत्र प्रभावित होंगे।
25-26 सितंबर: बाजार और काठगोदाम रोड फीडर में शटडाउन रहेगा। बाजार फीडर के तहत बद्रीपुरा, ऑफिसर कॉलोनी, आनंद बाग, तहसील, सरस मार्केट, बाजार क्षेत्र और मल्ला गोरखपुर में आपूर्ति बाधित होगी। काठगोदाम रोड फीडर से कालाढूंगी रोड, बद्रीपुरा, पांडे निवास, कैनाल कॉलोनी, पंत कॉलोनी, सतीश कॉलोनी, संजय कॉलोनी और मुखानी क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
30 सितंबर: गांधी नगर फीडर में शटडाउन प्रस्तावित है। इस दौरान आंबेडकर नगर, गांधी नगर, लाइन नंबर 8 और 16 तथा मंगल पड़ाव क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
ऊर्जा निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने उपभोक्ताओं से निर्धारित अवधि के दौरान सहयोग करने की अपील की है। निगम के अनुसार, कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


