हल्द्वानी के सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों की मनमानी का मामला सामने आया है। मंगलवार को काठगोदाम स्थित बिजली विभाग के सेकेंडरी वर्क डिविजन कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी की छापेमारी के दौरान एक कर्मचारी नशे की हालत में ड्यूटी करते पाया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सिटी मजिस्ट्रेट को सूचना मिली थी कि एक कर्मचारी शराब के नशे में दफ्तर पहुंच रहा है। शिकायत की पुष्टि करने के लिए उन्होंने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। छापेमारी की भनक लगते ही कार्यालय में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय सहायक दीपक बोरा नशे की हालत में मिला। स्थिति को गंभीर मानते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही उसे मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है, जिससे नशे की पुष्टि की जा सके।
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है और अन्य कर्मचारियों में भी अनुशासन को लेकर सतर्कता देखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


