उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है। देहरादून स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में परीक्षा से पहले एक विषय का प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचने की पुष्टि होने के बाद विश्वविद्यालय ने दो विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। मामले में आरोपी सहायक प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सात वर्षों के लिए विश्वविद्यालय के सभी परीक्षा कार्यों से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वी.के. पटेल ने बताया कि ‘मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ विषय का प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायत मिलने पर कुलपति के निर्देश पर जांच कराई गई। जांच समिति और संस्थान की आंतरिक जांच में सामने आया कि बाह्य प्रश्नपत्र निर्माता आशीष कुमार गुप्ता ने कथित तौर पर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र व्हाट्सएप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से छात्रों तक साझा किया।
जांच के दौरान ‘इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी’ विषय की परीक्षा की गोपनीयता पर भी सवाल उठे। इसके बाद विश्वविद्यालय ने दोनों विषयों की परीक्षाएं निरस्त कर दीं। इनकी पुनर्परीक्षा अगस्त के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि और परीक्षा केंद्रों की जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने इस मामले में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी में लापरवाही बरतने पर कड़ी चेतावनी भी जारी की है।
इन दोनों विषयों की पुनर्परीक्षा उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से संबद्ध संबंधित इंजीनियरिंग संस्थानों में कराई जाएगी। विश्वविद्यालय ने छात्रों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।


