उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों की मान्यता संबंधी कड़ी जांच की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने बताया कि जिले के कई निजी विद्यालय बिना मान्यता संचालित हो रहे हैं, इसलिए इनके अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों, राजकीय विद्यालयों और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के समस्त निजी विद्यालयों के बारे में स्पष्ट और प्रमाणिक जानकारी संकलित करें। इसमें यह विवरण शामिल होना चाहिए कि विद्यालय मान्यता प्राप्त है या नहीं, यदि हाँ तो यू-डाइस कोड, मान्यता देने वाला बोर्ड, मान्यता की वैधता और मान्यता प्रदान करने वाले अधिकारी का नाम एवं पदनाम। इसके साथ मान्यता प्रमाण पत्र की प्रति भी संलग्न करनी होगी।
यह जानकारी प्रधानाचार्यों को 10 अप्रैल 2026 तक संबंधित क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करानी होगी, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी एवं उप शिक्षा अधिकारियों को 11 अप्रैल 2026 तक पूरी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


