छह IAS अधिकारियों के तबादले, कई को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया
प्रशासनिक कार्यों की दक्षता बढ़ाने और सेवाओं में सुधार लाने के उद्देश्य से सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत यूपी में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के छह अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अविनाश कृष्ण सिंह, जो वर्तमान में महानिदेशक, प्राविधिक शिक्षा के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें अब सचिव, प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, ए. दिनेश कुमार को विशेष सचिव, प्राविधिक शिक्षा से स्थानांतरित कर विशेष सचिव, गृह विभाग बनाया गया है।
अन्य तबादलों में बृजराज सिंह यादव को विशेष सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा से स्थानांतरित कर अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद नियुक्त किया गया है। विनोद कुमार, जो नगर आयुक्त, अलीगढ़ के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अब विशेष सचिव, प्राविधिक शिक्षा बनाया गया है।
प्रेम प्रकाश मीणा, मुख्य विकास अधिकारी, उन्नाव से नगर आयुक्त, अलीगढ़ बनाए गए हैं, जबकि कृति राज, जो अब तक संयुक्त मजिस्ट्रेट, फिरोजाबाद के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें मुख्य विकास अधिकारी, उन्नाव नियुक्त किया गया है।
इससे पहले 28 अप्रैल की रात को भी योगी सरकार ने IAS के छह अधिकारियों के तबादले किए थे। इस क्रम में प्रमुख सचिव, राजनीतिक पेंशन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग, श्रीमती संयुक्ता समद्दार को उनके वर्तमान कार्यभार के साथ-साथ अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था।
दिव्य प्रकाश गिरि, जो अब तक विशेष सचिव, आबकारी विभाग में थे, उन्हें नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, विशेष सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग, देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा का तबादला विशेष सचिव, आबकारी विभाग के पद पर किया गया।
इसके अतिरिक्त, रजनीश चंद्र को विशेष सचिव, समाज कल्याण विभाग से विशेष सचिव, ग्राम्य विकास विभाग और राजेंद्र सिंह को विशेष सचिव, ग्राम्य विकास विभाग से विशेष सचिव, समाज कल्याण विभाग नियुक्त किया गया है। प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारी श्रीमती पूजा यादव को सचिव, उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पद पर नियुक्त किया गया है।