उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक और हादसा सामने आया है। बदरीनाथ धाम से हरिद्वार लौट रही यात्रियों से भरी एक बस शिवपुरी के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 7 यात्री घायल हो गए, जबकि 25 यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
मुनिकी रेती थाना पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4 बजे कंट्रोल रूम को बस हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर बस सड़क पर पलटी हुई थी और यात्री अंदर फंसे हुए थे। पुलिस और राहत टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर यात्रियों को बाहर निकाला।
घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से ऋषिकेश सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक सभी घायल खतरे से बाहर हैं। घायल यात्रियों की पहचान सोनम गुप्ता, मुन्नी देवी, चंद्रप्रकाश गुप्ता, संजय चौरसिया, सीता देवी, शबनम और मनीष गिरि के रूप में हुई है। सभी यात्री लखीमपुर खीरी के निवासी बताए गए हैं।
कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि बाकी यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। वहीं, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार, बस में 25 यात्री, एक ड्राइवर और एक कंडक्टर सवार थे। सभी यात्री चारधाम यात्रा के तहत बदरीनाथ से लौट रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यात्रा के दौरान बस की खिड़की अचानक खुल गई थी। ड्राइवर उसे बंद करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क पर पलट गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।


