उत्तराखंड में गुरुवार को एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंपावत जिले के पाटी ब्लॉक में कानाकोट-सिरतोली के पास एक अनियंत्रित ऑल्टो कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर कार संख्या यूके-04-6677 कानाकोट से लोहाघाट की ओर जा रही थी। सिरतोली के पास सामने से आ रहे वाहन को पास देने के दौरान चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे में कानाकोट निवासी 58 वर्षीय कमल सिंह पुत्र रघुवर सिंह और पश्चिमी चंपारण निवासी 38 वर्षीय बबलू चौधरी पुत्र गंगा चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को एंबुलेंस से उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव स्वजन को सौंप दिए। बताया गया कि कमल सिंह लोहियाहेड पावर स्टेशन में एसएसओ के पद पर तैनात थे। उनके कानाकोट स्थित मकान का निर्माण कार्य चल रहा था और भवन निर्माण सामग्री लेने के लिए वह मिस्त्री बबलू चौधरी के साथ लोहाघाट जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। कमल सिंह के परिवार में पत्नी, चार बेटियां और एक बेटा है। उनकी पत्नी देवीधुरा में शिक्षिका हैं। हादसे के बाद से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।


