उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव पदों पर नियुक्तियों के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। नई टीम में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी जगह दी गई है।
नई कार्यकारिणी में गोदावरी थपलियाल को प्रदेश कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 24 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष, 36 नेताओं को प्रदेश महासचिव और 107 नेताओं को प्रदेश सचिव बनाया गया है। कांग्रेस का कहना है कि नई टीम में सभी वर्गों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।
प्रदेश संगठन को और मजबूत बनाने के लिए एआईसीसी ने पांच महत्वपूर्ण समितियों के गठन को भी मंजूरी दी है। एआईसीसी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार **पीसीसी कार्यकारिणी समिति, घोषणापत्र समिति, अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति, एसआईआर समिति और चार्जशीट समिति** का गठन तत्काल प्रभाव से कर दिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी समिति में 41 नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य, हरीश रावत, प्रीतम सिंह, गुरदीप सिंह सप्पल, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, करण महारा, डॉ. हरक सिंह रावत, भुवन चंद्र कापड़ी, तिलक राज बेहड़, ममता राकेश, हरीश सिंह धामी, मनोज तिवारी, फुरकान अहमद, विक्रम सिंह नेगी, मदन सिंह बिष्ट, गोपाल सिंह राणा, खुशाल सिंह अधिकारी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष भुवन चंद्र कापड़ी को बनाया गया है, जबकि डॉ. प्रेम बहुखंडी को संयोजक नियुक्त किया गया है। समिति में गुरदीप सिंह सप्पल, सूर्यकांत धस्माना और सुजाता पॉल को सदस्य बनाया गया है।
अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति की कमान विक्रम सिंह नेगी को सौंपी गई है। वहीं मनोज रावत को एसआईआर समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। चार्जशीट समिति का अध्यक्ष करण महारा को नियुक्त किया गया है।
नई कार्यकारिणी में हेमेश खर्कवाल, विजय सारस्वत, सूर्यकांत धस्माना, धीरेंद्र प्रताप, मनोज रावत, सतीश नैनवाल, सुखविंदर कौर, राजीव महर्षि, हेमंत बगड़वाल, डॉ. प्रेम बहुखंडी समेत 24 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, अभिषेक सिंह, विजय गुनसोला, पुष्कर जैन, राकेश लाल शाह, दीप शर्मा, मकबूल कुरैशी, अमरजीत सिंह, याकूब सिद्दीकी, जयेंद्र रमोला, संजय किरोला समेत 36 नेताओं को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस का कहना है कि नई टीम आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को गति देने का काम करेगी।


