उत्तराखंड में निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच भाजपा ने भीतरघातियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने हल्द्वानी में अपने अधिकृत पार्षद प्रत्याशियों के बजाय निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन करने वाले बूथ अध्यक्षों और शक्ति केंद्र संयोजकों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इन बागी नेताओं को पार्टी से हटा दिया गया है और उनके स्थान पर नई नियुक्तियां की गई हैं।
इस क्रम में सबसे पहले वार्ड 54 में कार्रवाई की गई। भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट और वार्ड 54 की चुनाव प्रभारी अल्का जीना के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के खिलाफ काम करने वाले पदाधिकारियों की पहचान की गई। बैठक के बाद शक्ति केंद्र संयोजक खजान ग्याल को पद से हटा दिया गया और उनकी जगह गणेश दत्त जोशी को जिम्मेदारी सौंपी गई। बताया गया कि खजान ग्याल पहले भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे थे, और उनके खिलाफ यह भी आरोप है कि उन्होंने एक पार्क पर अवैध कब्जा किया था, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष था।
इसके अतिरिक्त, भाजपा ने बूथ संख्या 105, 110, 111, और 114 के लिए नए कार्यवाहक बूथ अध्यक्षों की नियुक्ति की। बूथ संख्या 105 पर जगदीश चंद्र जोशी, बूथ संख्या 110 पर नरेंद्र कुलश्रेष्ठ, बूथ संख्या 111 पर पीयूष जोशी, और बूथ संख्या 114 पर योगेश मौर्य को कार्यवाहक बूथ अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, बूथ संख्या 112 पर गोविंद सिंह चुफाल अपने पद पर बने रहेंगे।