शर्मसार कर देने वाली घटना में महिला के साथ खुलेआम आपत्तिजनक हरकत करने के मामले में फरार चल रहे भाजपा नेता मनोहर लाल धाकड़ को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुई यह शर्मनाक घटना सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद सामने आई थी, जिसके बाद से आरोपी नेता की गिरफ्तारी की मांग उठ रही थी।
पुलिस के अनुसार, मनोहर धाकड़ की गिरफ्तारी मंदसौर जिले के भानपुरा थाना क्षेत्र से की गई। वे जिला पंचायत सदस्य की पति हैं और भाजपा से जुड़े हुए हैं। वायरल वीडियो 13 मई की रात करीब 8 बजे का बताया जा रहा है, जिसमें धाकड़ अपनी महिला मित्र के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। हाई-सिक्योरिटी कैमरों में घटना कैद हो गई थी, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने 23 मई की रात आरोपी के गांव में दबिश दी थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिख रही कार (MP 14 CC 4782) को जब्त कर लिया गया। 23 मई को भानपुरा थाने में मनोहर धाकड़ और एक अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
गिरफ्तारी के बाद एसडीओपी दिनेश प्रजापति और टीआई आरसी डांगी आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो बनाने और उसे सार्वजनिक करने के पीछे क्या उद्देश्य था और इसमें और कौन-कौन शामिल था।
घटना के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। श्यामगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश ‘सोनू’ जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक्सप्रेस-वे पर गंगाजल छिड़ककर विरोध जताया।
भानपुरा थाना प्रभारी आरसी डांगी के अनुसार, दो वीडियो सामने आए हैं—एक में भाजपा नेता महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे में संबंध बनाते दिख रहे हैं। पुलिस मामले की हर पहलु से जांच कर रही है।