उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर कुछ युवकों के साथ मारपीट की गई और उनकी कार को लाठी-डंडों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए कई आरोपियों को हिरासत में लिया है।
हरिद्वार पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गुरुकुल नारसन गांव की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फेसबुक पर की गई एक कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से तनातनी चल रही थी। शनिवार को टिप्पणी करने वाले युवक के चार दोस्त कार से गुरुकुल नारसन क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान विरोधी पक्ष के लोगों ने उनकी कार को रास्ते में रोक लिया।
आरोप है कि कार रुकते ही हमलावरों ने लाठी-डंडों से वाहन पर हमला बोल दिया और कार में जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद कार में बैठे युवकों को बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट की गई। हमले के दौरान अफरा-तफरी मच गई और किसी तरह पीड़ित मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी वायरल हुए थे, जिनमें कुछ युवक हथियार जैसी वस्तुएं लहराते दिखाई दिए थे। वहीं, कुछ दिन पूर्व क्षेत्र में हुई हवाई फायरिंग की घटना के संबंध में भी पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, इन घटनाओं के आपसी संबंधों की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और जांच जारी है।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रव करने वालों की पहचान कर ली गई है। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


