उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में देर रात मामूली कहासुनी ने अचानक बड़ा विवाद का रूप ले लिया। मामला इतना बढ़ गया कि फायरिंग तक हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।![]()
जानकारी के मुताबिक, ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर के रम्पुरा चौकी क्षेत्र में कटोरी मंदिर के पास एक चाऊमीन विक्रेता के ठेले पर कुछ युवक खाने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बिना पैसे दिए वहां से जाने लगे, जिस पर दुकानदार ने उन्हें रोकते हुए खाने के पैसे देने की बात कही। इसी दौरान युवकों ने दुकानदार को धमकाते हुए कहा कि “तू हमें नहीं जानता”, जबकि दुकानदार ने साफ कहा कि जिसने खाना खाया है उसे पैसे देने होंगे।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक वहां से चले गए, लेकिन जाते-जाते दोबारा लौटने की धमकी देकर गए। करीब दो से ढाई घंटे बाद वही युवक फिर मौके पर पहुंचे और दुकानदार पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार मौके पर चार राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। साथ ही कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


