उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का सिलसिला जारी है। कहीं रिमझिम बारिश हो रही है तो कई इलाकों में तेज बौछारें पड़ रही हैं। बारिश के कारण ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं।
उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार के बाद प्रदेश में बारिश से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।


