उत्तराखंड में मानसून की विदाई से पहले मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक 24 और 25 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, 26 सितंबर से बारिश का दायरा बढ़ने का अनुमान है और 28 सितंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है।
25 सितंबर को बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ बादलों की गर्जना होने की संभावना जताई गई है।
26 से बढ़ेगा बारिश का दायरा
मौसम विभाग ने 26 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। इसके बाद 27 सितंबर को भी राज्यभर में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है।
28 सितंबर को भी उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यानी नए सप्ताह की शुरुआत भी प्रदेश में बारिश के साथ होने के आसार हैं।
वहीं, 29 सितंबर को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ बादलों की गड़गड़ाहट हो सकती है। मैदानी और अन्य जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।


