उत्तराखंड में दो गुटों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
यह घटना हरिद्वार जिले के रुड़की में डीएवी कॉलेज के बाहर की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. वायरल वीडियो में कई युवक आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में एक युवक के घायल होकर जमीन पर गिरने के दृश्य भी दिखाई देते हैं. इसके अलावा घटनास्थल पर गोली चलने जैसी आवाज भी सुनाई दे रही है, हालांकि गोली चलते हुए स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रही है.
हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. इसके बावजूद वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
इस मामले में रुड़की के सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि वायरल वीडियो 8 जनवरी गुरुवार रात का है, जिसमें दो गुटों के बीच झगड़ा साफ तौर पर दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि वीडियो में आवाज जरूर सुनाई देती है, लेकिन गोली चलने की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है. ऐसे में किसी ठोस नतीजे पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी.
सीओ नरेंद्र पंत ने आगे बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि झगड़े में शामिल युवकों की पहचान की जा सके. पूरे मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.


