उत्तराखंड के एक सरकारी इंटर कॉलेज में छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि अनुशासन के नाम पर एक शिक्षिका ने कक्षा 12 के पांच छात्रों के बाल कैंची से काट दिए, उनकी स्कूल ड्रेस को ब्लेड से क्षतिग्रस्त कर दिया और नोटबुक के पन्ने भी फाड़ दिए। घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) बांगीधार का है। आरोप है कि भूगोल की प्रवक्ता आरजू अफरोज अंसारी ने अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए पांच छात्रों के साथ यह कार्रवाई की। प्रभावित छात्रों में सौरभ, अनुज नेगी, सूरज बिष्ट, योगेश शर्मा और योगेश जोशी शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और अन्य स्थानीय लोग विद्यालय पहुंचे और शिक्षिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इस कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए शिक्षिका पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है। एसडीएम के निर्देश पर पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने के तरीकों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।


