उत्तराखंड से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कई दिनों से एक लापता बुजुर्ग महिला का कंकाल गदेरे के पास झाड़ियों से बरामद किया गया है। मौके से महिला के कपड़े और खोपड़ी के अवशेष मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कंकाल और अन्य सामान को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला किसी जंगली जानवर का शिकार हो सकती है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
जानकारी के अनुसार, टिहरी जिले के घनसाली थाना क्षेत्र के सेम गांव निवासी 67 वर्षीय विक्र देवी 27 जनवरी से लापता चल रही थीं। कई दिनों तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने 4 फरवरी को घनसाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
घनसाली थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि महिला पहले भी कई बार घर से चली जाती थी और कुछ समय बाद वापस लौट आती थी। इसी वजह से शुरुआत में परिजनों को ज्यादा चिंता नहीं हुई, लेकिन इस बार लंबे समय तक कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की, लेकिन महिला का पता नहीं चल सका। इसी बीच रविवार, 8 फरवरी को पदोखा गांव के पास एक गदेरे में झाड़ियों के बीच कपड़े और कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
परिजनों ने मौके पर मिले कपड़ों के आधार पर मृतका की पहचान विक्र देवी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला किसी जंगली जानवर के हमले का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।


