उत्तराखंड इन दिनों भीषण शीतलहर की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शीतलहर को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून (IMD) ने 29 दिसंबर 2025 को सुबह 11:30 बजे मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 दिसंबर 2025 को जनपद ऊधम सिंह नगर में प्रातःकाल से मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे और अत्यधिक ठंड के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत 30 और 31 दिसंबर 2025 (मंगलवार और बुधवार) को जनपद ऊधम सिंह नगर के सभी शासकीय, अर्धशासकीय, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी इन दोनों दिनों में बंद रहेंगे।
यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित तहसीलों और विभागों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी।।


