उत्तराखंड में सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। गोली से युवक बाल-बाल बच गया, जबकि दूसरे आरोपी की पिस्टल से फायर नहीं हो सका। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला राजधानी देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार घटना 19 जुलाई को पटेल नगर स्थित स्वास्तिक कैफे के बाहर हुई। हरिद्वार के झबरेड़ा निवासी सन्नी ने कोतवाली पटेल नगर में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसके दोस्त शुभम ने सुबह फोन कर दोनों के बीच चल रहे मनमुटाव को खत्म करने के लिए दोपहर करीब 3:15 बजे स्वास्तिक कैफे के पास मिलने के लिए बुलाया था।
सन्नी का आरोप है कि जब वह तय स्थान पर पहुंचा तो शुभम अपने तीन साथियों के साथ पहले से मौजूद था। बातचीत के दौरान शुभम ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर पिस्टल निकालकर उस पर फायर कर दिया। हालांकि, साथ मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
पीड़ित के मुताबिक इसके बाद युवराज नामक युवक ने भी पिस्टल से फायर करने की कोशिश की, लेकिन हथियार से गोली नहीं चली। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई, जिसके बाद पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शुभम और युवराज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह पुंडीर को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


