उत्तराखंड में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। मामला राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सुद्धोवाला इलाके का है, जहां बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कुछ स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक किराए के मकान में तीन युवकों और दो युवतियों के साथ रहने पर आपत्ति जताई। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, मकान में रह रही युवतियां देहरादून में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, जबकि साथ मौजूद युवक भी छात्र बताए जा रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों और युवतियों से पूछताछ की और इस पर आपत्ति जताई।
पूछताछ के दौरान युवकों ने अपनी पहचान आकिब (गुरुग्राम), कबीर (मुरादाबाद) और एल्फेंस (ऊधमसिंहनगर) के रूप में बताई, जबकि युवतियों ने खुद को हल्द्वानी और चमोली की निवासी बताया। पुलिस ने तीनों युवकों को आगे की पूछताछ के लिए थाने बुलाया, वहीं युवतियों से भी आवश्यक जानकारी ली गई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इसी बीच इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो और उसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मकान और मोबाइल फोन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और शांति बनाए रखें। मामले की जांच जारी है।


