उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन हब बनाने की दिशा में सरकार जहां लगातार प्रयास कर रही है, वहीं अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र के मर्चूला में एक शादी समारोह ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम के पास स्थित एक पुराने अंत्येष्टि स्थल पर जयमाला की रस्म निभाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के प्रति असंवेदनशीलता बताया है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर अंतिम संस्कार किए जाते हैं, वहां शादी जैसे शुभ कार्य करना पूरी तरह अनुचित है। इस घटना ने न केवल सामाजिक भावनाओं को आहत किया है, बल्कि वेडिंग डेस्टिनेशन के नाम पर हो रही मनमानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोप है कि कुछ रिसॉर्ट संचालक बिना प्रशासनिक अनुमति के सार्वजनिक स्थलों को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी कड़ी में मर्चूला की यह घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में नाराजगी पैदा कर दी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार आबिद अली ने कहा है कि श्मशान घाट जैसे संवेदनशील स्थल पर इस तरह की गतिविधि बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिसॉर्ट संचालक से पूछताछ की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि राज्य सरकार उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए काम कर रही है। लेकिन मर्चूला जैसी घटनाएं इस पहल की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं और इस पर नियंत्रण जरूरी है।


