उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के तहत सोमवार को हल्द्वानी से 37 श्रद्धालुओं का दल गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने यात्रा दल को हरी झंडी दिखाकर देहरादून के लिए रवाना किया।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक जुड़ाव का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कई लोग आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते हैं, ऐसे श्रद्धालुओं के लिए सरकार की यह पहल बेहद सराहनीय है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रेल यात्रा, ठहरने, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे, जहां प्रदेश के सभी 13 जिलों से आए यात्रियों का एकत्रीकरण होगा। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालु उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से लाए गए पवित्र जल से भरे कलश भी अपने साथ सोमनाथ धाम लेकर जाएंगे। यह विशेष धार्मिक यात्रा राज्य सरकार की ओर से पूरी तरह निःशुल्क कराई जा रही है, जिसमें एसी रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था शामिल है।
यात्रा में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, स्वयंसेवकों और जनसेवा से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेशवासियों को देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
नैनीताल जिले से इस यात्रा में कुल 37 श्रद्धालु शामिल हुए हैं, जिनमें 14 महिलाएं और 23 पुरुष हैं। यात्रा दल के रवाना होने के अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पांडे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


