उत्तराखंड में सनसनीखेज घटना सामने आई है। कुमाऊं मंडल में रेलवे स्टेशन के पास एक ही स्थान पर दो लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। एक ही जगह दो शव मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक, खटीमा रेलवे स्टेशन के वार्ड नंबर-6 के पास शनिवार देर रात दो लोगों के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जीवन सिंह चुफाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो दो व्यक्ति चित अवस्था में पड़े मिले।
पुलिस ने दोनों शवों की पहचान कराई। मृतकों में एक की पहचान राजेंद्र सिंह सामंत पुत्र पद्म सिंह सामंत, निवासी वेस्ट व्यू होटल के सामने खटीमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र सिंह परचून की दुकान चलाते थे। दूसरे मृतक की पहचान विनोद पुत्र शोभन सिंह, उम्र करीब 47 वर्ष, निवासी ग्राम नगला तहर, थाना डिलारी, जिला मुरादाबाद के रूप में हुई है।
एक ही स्थान पर दो शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया। मामले की जांच के लिए जनपदीय फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। मामले की जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास के लोगों और स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सके।
पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है। एक ही जगह दो शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।


