उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच हल्द्वानी भाजपा के बड़े संगठनात्मक मंथन का केंद्र बनने जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 9 और 10 सितंबर को होने वाले विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और कोर कमेटी के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 10 सितंबर को हल्द्वानी में होगी, जबकि इससे एक दिन पहले 9 सितंबर को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इन बैठकों में शामिल होकर संगठन की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी लेंगे। चुनावी वर्ष से पहले होने वाली इस बैठक को पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत 9 सितंबर को दोपहर तीन बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्य कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। शाम पांच बजे वे राज्य पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद शाम सात बजे राज्य कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, चुनावी तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
10 सितंबर को सुबह 10 बजे नितिन नवीन हल्द्वानी में सेवा संकल्प अभियान की बैठक लेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे पूर्व सैनिक सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। पूर्व सैनिकों के साथ संवाद को भी भाजपा के आगामी चुनावी कार्यक्रमों की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। पार्टी का फोकस विभिन्न वर्गों तक संगठन की पहुंच और संपर्क को मजबूत करने पर रहेगा।
हल्द्वानी के कार्यक्रमों के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष रुद्रपुर जाएंगे। यहां दोपहर 2:45 बजे वे पंजाबी गौरव सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी पंजाबी समाज के साथ संवाद और संपर्क को मजबूत करने का प्रयास करेगी।
भाजपा संगठन की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। माना जा रहा है कि नितिन नवीन का दौरा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश संगठन की तैयारियों को नई दिशा देने के साथ कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा भर सकता है।


