उत्तराखंड में मानव–वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है और यह चिंता का विषय बन चुका है। आए दिन जंगली जानवरों के हमलों में लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र के सुरई वन रेंज से सामने आया है, जहां एक 71 वर्षीय महिला की बाघ के हमले में दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गोपुली देवी नामक वृद्ध महिला जंगल में मवेशी चराने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटकर झाड़ियों में ले गया। आसपास मौजूद चरवाहों ने घटना की सूचना तुरंत ग्रामीणों, वन विभाग और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने जंगल से महिला का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए खटीमा उपजिला चिकित्सालय भेज दिया।
यह घटना सुरई वन रेंज के बग्गा चौवन इलाके में हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे लंबे समय से बाघ के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं।
घटना के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है। खटीमा उप वन प्रभाग की एसडीओ संचिता वर्मा और सुरई वन रेंज के रेंजर राजेंद्र सिंह मनराल ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी वन कर्मियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग जंगल के आसपास जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बाघ के खतरे से स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक उनका जीवन इसी भय के साए में बीतता रहेगा।


