उत्तराखंड से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन स्कूली छात्राएं अचानक लापता हो गई हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजन बेहद चिंतित हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, राजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 22 मई को अपनी दो सहेलियों के साथ स्कूल गई थी। तीनों छात्राएं ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के एक निजी स्कूल में कक्षा 8 में पढ़ती हैं। रोज की तरह तीनों स्कूल गई थीं और सुबह करीब 11 बजे छुट्टी के बाद घर लौटने के लिए निकलीं, लेकिन इसके बाद वे घर नहीं पहुंचीं।
काफी देर तक जब बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की। उन्होंने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई भी जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
लापता छात्राओं में एक की उम्र लगभग 14 वर्ष, दूसरी 13 वर्ष और तीसरी 11 वर्ष बताई जा रही है। घटना के समय तीनों छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में थीं, जिसमें लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट तथा क्रीम रंग की पैंट शामिल है।
ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और कई टीमों को संभावित स्थानों पर भेजकर तलाश अभियान चला रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन छात्राओं के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें, ताकि उन्हें जल्द सुरक्षित बरामद किया जा सके।


