उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जारी राजनीतिक तनाव के बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. इस संबंध में बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी की ओर से देहरादून पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.
शिकायत के मुताबिक, महेंद्र भट्ट को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार फोन कॉल आ रहे हैं, जिनमें अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है. बताया गया है कि महेंद्र भट्ट ने कॉल करने वाले व्यक्ति को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन इसके बावजूद कॉलर का दुर्व्यवहार जारी रहा.
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी दी कि महेंद्र भट्ट ने स्वयं देहरादून के एसएसपी को शिकायत पत्र सौंपा है. पत्र में उल्लेख किया गया है कि अज्ञात कॉलर बार-बार उनके निजी मोबाइल नंबर पर कॉल कर अपशब्दों का प्रयोग कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है.
शिकायत में आशंका जताई गई है कि यह पूरा मामला किसी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हो सकता है. कॉल करने वाले व्यक्ति का व्यवहार अत्यधिक उत्तेजित प्रतीत होता है, जिससे न केवल प्रदेश अध्यक्ष की राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंच सकता है, बल्कि उनके जीवन को भी खतरा हो सकता है. पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है.
मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को दी गई जानलेवा धमकी और अभद्र भाषा को पार्टी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति में इस तरह के असभ्य व्यवहार के लिए कोई स्थान नहीं है. पार्टी को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी.
गौरतलब है कि उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सियासत पहले से ही गरमाई हुई है. इस मामले में बीजेपी से निष्कासित विधायक की कथित पत्नी लगातार पार्टी के कुछ नेताओं पर आरोप लगा रही हैं. कांग्रेस समेत कई संगठन इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं. इसी बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को मिली धमकी ने राजनीतिक माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.


