उत्तराखंड में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कई आपराधिक मामलों में वांटेड चल रहे बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं उसके दो अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है।
उधम सिंह नगर जिला पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र चौधरी लंबे समय से फरार था और जिले में हुई कई फायरिंग की घटनाओं में उसकी तलाश की जा रही थी। वह गाबा चौक पर हुई गोलीबारी और ट्राला फायरिंग मामले में नामजद आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, ट्राला फायरिंग की घटना में पीलीभीत निवासी एक महिला भी घायल हुई थी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि जितेंद्र चौधरी अपने दो साथियों सुमित राठौर और चंदन के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने रुद्रपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की।
पुलिस का कहना है कि रोकने की कोशिश करने पर तीनों आरोपी भागकर एक आम के बगीचे में पहुंच गए और वहां से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जितेंद्र चौधरी घायल हो गया, जबकि पुलिस ने उसे पकड़कर अस्पताल पहुंचाया। उसके दोनों साथियों सुमित राठौर और चंदन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ के बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से मिले हथियार, कारतूस और अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जितेंद्र चौधरी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें कई गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि वांटेड अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है।


