उत्तराखंड में महिला सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ओपीडी भवन स्थित महिला शौचालय में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में छिपा मिला। आरोप है कि युवक फायर सेफ्टी पाइप पर बैठकर महिलाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था।
घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक महिला मरीज जब शौचालय पहुंची तो उसकी नजर ऊपर छिपे युवक पर पड़ी। युवक को संदिग्ध हालत में देखकर महिला घबरा गई और तुरंत बाहर आकर शोर मचा दिया। इसके बाद शौचालय में मौजूद अन्य महिलाओं ने भी युवक पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप लगाया।
महिलाओं के विरोध और शोर के बीच आरोपी कथित तौर पर पीछे के रास्ते से फरार हो गया। अस्पताल सुरक्षा कर्मियों के पहुंचने तक वह मौके से निकल चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक घटना से पहले अस्पताल परिसर में घूमता हुआ नजर आया था और आशंका जताई जा रही है कि वह काफी देर तक शौचालय में छिपा रहा।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने के समय सीसीटीवी कंट्रोल रूम बंद होने और जिम्मेदार कर्मचारियों के मौजूद न होने की बात सामने आई। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
एक महिला मरीज के पति ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है। कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण आरोपी भागने में सफल रहा। वहीं, सीसीटीवी व्यवस्था में सामने आई खामियों को लेकर भी अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठाए जा रहे हैं।


