उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना है। इसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने शनिवार को सभी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इसके आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी शनिवार को बंद रहेंगे।
प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।


