उत्तराखंड से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी इंटर कॉलेज के पीटीआई (शारीरिक शिक्षा शिक्षक) पर छात्रा के शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगा है। घटना के सामने आते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों के साथ बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए, जहां जमकर हंगामा हुआ।
मामला ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा के चकरपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शिक्षक सुखविंदर सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, शिक्षा विभाग ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा ने पीटीआई पर शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि शिक्षक ने पहले उसे बहलाया-फुसलाया और बाद में उसका शारीरिक शोषण किया। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद के स्थानीय पदाधिकारी क्षितिज अरोड़ा ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
स्कूल के प्रधानाचार्य पंचदेव सिंह ने बताया कि पुलिस पहले भी शिक्षक से पूछताछ कर चुकी थी। जब उन्होंने स्वयं आरोपी से बात की तो उसने छात्रा के साथ संबंध होने की बात स्वीकार की, जिसके बाद तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।
प्रधानाचार्य ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्कूल की गरिमा की रक्षा नहीं कर पाए, जिसके लिए उन्हें खेद है। उन्होंने स्थानीय लोगों से माफी भी मांगी।
इधर, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में खंड शिक्षा अधिकारी खटीमा भानु प्रताप कुशवाह को भी जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। स्थानीय विधायक ने भी इस मामले में उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।


