उत्तराखंड में एक प्रेम-प्रसंग का हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है। जिसमें एक युवक पर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला हरिद्वार जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र का है। पीड़िता की तहरीर के अनुसार, आरोपी अक्षय सिंह, पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी देवबंद, पीड़िता का रिश्तेदार है। दोनों के बीच फोन पर बातचीत के दौरान जान-पहचान हुई। आरोप है कि अक्षय ने इस जान-पहचान का गलत फायदा उठाया और युवती को मानसिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया।
स्थिति तब और बिगड़ी जब पीड़िता की शादी उसके परिवार ने कहीं और तय कर दी। इसके बाद आरोपी ने युवती पर खुद से शादी करने का दबाव बनाया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अक्षय ने धमकी दी कि वह किसी और से शादी नहीं कर सकती, और इनकार करने पर जान से मारने की चेतावनी दी।
इसके बाद आरोपी ने युवती की अश्लील और न्यूड तस्वीरें इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दीं, जिससे पीड़िता की सामाजिक छवि को गंभीर नुकसान हुआ। पीड़िता और उसके परिजनों ने आरोपी के परिवार से शिकायत की, लेकिन उन्होंने कार्रवाई करने के बजाय अपने बेटे का पक्ष लिया।
नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी अक्षय सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।


