हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, अतिक्रमण, वाहन दुर्घटनाओं, ऋण, भूमि खरीद-फरोख्त और अन्य नागरिक समस्याओं की सुनवाई की। उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
रामनगर तहसील के ढिकुली क्षेत्र से जुड़े भूमि प्रकरण में सामने आया कि राजस्व विभाग की बंदोबस्ती प्रक्रिया पिछले 31 वर्षों से लंबित है। इस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी को बंदोबस्ती की कार्रवाई तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए।
गौजाजाली निवासी जरीन फातिमा ने सड़क पर अतिक्रमण, खनन वाहनों और बुग्गियों के अनियंत्रित खड़े रहने तथा भवन निर्माण सामग्री सड़क पर डाले जाने से दुर्घटनाओं की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पिछले माह इसी मार्ग पर एक 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस क्षेत्राधिकारी और परिवहन विभाग को अतिक्रमण हटाने तथा सड़क पर खड़े वाहनों और निर्माण सामग्री के खिलाफ नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
ईशा डंगवाल ने शिकायत की कि मई में खरीदी गई उनकी नई स्कूटी के नंबर से दूसरी स्कूटी भी संचालित हो रही है और उसका चालान उनके मोबाइल पर पहुंच रहा है। आयुक्त ने परिवहन विभाग, पुलिस और संबंधित डीलर को तत्काल जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए जांच में लापरवाही न बरतने को कहा।
हल्दूचौड़ निवासी भुवन चंद्र की बैंक ऋण और सरफेसी कार्रवाई से जुड़ी शिकायत पर आयुक्त ने एसडीएम हल्द्वानी और ग्रामीण बैंक अधिकारियों को जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं, गोलापार में भूमि खरीद में धोखाधड़ी की शिकायत की जांच में जमीन वन विभाग की पाए जाने पर उन्होंने वन विभाग को भूमि कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
एक अन्य भूमि विवाद में आयुक्त ने बिचौलिए को भूमि स्वामी की 50 हजार रुपये की धनराशि तत्काल लौटाने के निर्देश दिए। खटीमा निवासी सविता बिंजोला की भूमि बिक्री की धनराशि वापस दिलाने संबंधी शिकायत पर सीओ खटीमा को एक सप्ताह के भीतर मामले का समाधान कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में आयुक्त ने अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


