हल्द्वानी में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। भाखड़ा पुल के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक युवती की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 14 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:13 बजे की है। हादसे की सूचना डायल 112 पर मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अपर उपनिरीक्षक लेखराज सिंह अपनी टीम के साथ वाहन संख्या UK 04 GA 0544 से घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर पिकअप वाहन (UK 06 AC 9796) और स्कूटी (UK 04 AP 6596) के बीच जोरदार टक्कर पाई गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कालाढूंगी पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने भावना रावत (20 वर्ष), पुत्री भोपाल सिंह रावत, निवासी चकलुवा कालाढूंगी को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी घायल युवती नेहा जोशी (लगभग 20 वर्ष), निवासी लामाचौड़ की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।


